बिलासपुर। नैनीताल हाईवे स्थित चड्ढा पेपर मिल के पास शनिवार शाम एक बड़ा हादसा होने से बच गया। गेहूं से भरी एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली हाईवे के डिवाइडर पर चढ़ गई। इस दौरान चालक ट्रैक्टर से कूदकर बाल-बाल बच गया। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए जाम लग गया।
पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम करीब सात बजे एक ट्रैक्टर चालक गेहूं भरी ट्रॉली लेकर रुद्रपुर की ओर जा रहा था। चड्ढा पेपर मिल के समीप अचानक सामने से कोई वाहन आने से चालक ट्रैक्टर पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रैक्टर-ट्रॉली डिवाइडर पर चढ़ गई।
इस दौरान चालक ने ट्रैक्टर से कूदकर अपनी जान बचाई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर ईसानगर चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। तब तक हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लगने लगी। पुलिस ने तुरंत हाइड्रा मंगवाकर गेहूं भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को हाईवे से हटवाया और जाम खुलवाया।
सीओ हर्षिता सिंह ने बताया कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ है और यातायात व्यवस्था कुछ ही देर में सामान्य कर दी गई थी।