शाहबाद। सुहावा गांव निवासी ट्रैक्टर मिस्त्री इंतजार हुसैन (50) की रविवार रात सड़क हादसे में मौत हो गई। घर से करीब 100 मीटर पहले तेज रफ्तार अज्ञात कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी और उन्हें लगभग 200 मीटर तक घसीटते हुए ले गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद कार चालक नहीं रुका और घायल को घसीटता चला गया। हादसे के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल इंतजार हुसैन को परिजन शाहबाद सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि इंतजार हुसैन बरेली के सिरौली कस्बे में ट्रैक्टर मिस्त्री थे और रविवार रात करीब आठ बजे दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। वह अपने पीछे तीन बेटे और एक बेटी छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम है। सूचना पर पुलिस सीएचसी पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।