रामपुर। आरडीए (रामपुर विकास प्राधिकरण) जल्द ही बरेली जीरो प्वाइंट से बिलासपुर मार्ग को जोड़ने वाले रिंग रोड के किनारे 170 एकड़ में 591 करोड़ रुपये से टाउनशिप स्थापित करने जा रहा है। इसमें दो हजार आवास बनेंगे। यह यूपी की सबसे बड़ी गेट बंद वाली टाउनशिप होगी। खास ये भी है कि इसमें अंडरग्राउंड विद्युत लाइन बिछेगी। शुक्रवार को शासन की उच्च स्तरीय बैठक में इसके लिए स्वीकृति भी मिल गई है।
शुक्रवार को लखनऊ में हुई बैठक में डीएम जोगिंदर सिंह ने आरडीए की टाउनशिप की कार्ययोजना का प्रजेंटेशन दिया था। जिसमें प्रमुख सचिव आवास विकास पी. गुरुप्रसाद और हाउसिंग कमिश्नर बलकार सिंह भी मौजूद थे। उच्चाधिकारियों ने प्रजेंटेशन समझने के बाद आरडीए की टाउनशिप को मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना में स्थापित करने की सहमति दी है। डीएम ने बताया कि आरडीए ने आगामी 10 वर्षों की जरूरत को देख शहर में रामपुर-शाहबाद रोड, मुरादाबाद-बरेली रोड एवं रामपुर-नैनीताल रोड के मध्य आवासीय योजना का विकास प्रस्तावित किया है।
शासन से स्वीकृति मिलने पर जिला प्रशासन ने टाउनशिप स्थापित करने के लिए गांव पहाड़ी, भमरौआ, बढ़पुरा शर्की और ताशका में भूमि अधिग्रहण करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी जमीन पर आरडीए का कार्यालय भी बनेगा। टाउनशिप बनने की घोषणा के बाद अब संबंधित गांव और उसके आसपास आवासीय, व्यवसायिक एवं सामुदायिक सुविधाओं के भूखंडों की मांग बढ़ गई है। साथ ही इनकी कीमतों में वृद्धि होना स्वाभाविक हो गया है।
अधिग्रहण के लिए चिह्नित निजी व सरकारी जमीन
बढ़पुरा शर्की, ताशका, भमरौआ, पहाड़ी गांवों में टाउनशिप के लिए 65.6345 हेक्टेयर निजी जमीन चिह्नित हुई है। इसके अधिग्रहण में 266.84 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसी तरह इन्हीं गांवों में टाउनशिप के लिए ही 3.2342 हेक्टेयर जमीन सरकारी चिह्नित हुई है। जिसके अधिग्रहण पर प्रशासन 3.16 करोड़ 24 हजार रुपये खर्च करेगा। अन्य कई तरह के खर्च मिलाकर जिला प्रशासन 291.69 करोड़ रुपये से जमीन का अधिग्रहण करेगा।
किसानों की सहमति से ही लेंगे जमीन
देखा जाए तो डीएम जोगिंदर सिंह प्राधिकरण में जमीन अधिग्रहण के मामलों में अभी तक काफी सफल साबित हुए हैं। इससे पूर्व उन्होंने अलगीढ़ और बरेली में भी काफी क्षेत्रफल वाली भूमि का अधिग्रहण सफलतापूर्वक बिना किसी विवाद के कराने में कामयाब हुए हैं, और अब रामपुर में वह टाउनशिप के लिए भूमि अधिग्रहण करने वाले है। इसके लिए वह संबंधित भू-मालिकों के साथ बैठक कर उनकी सहमति से ही जमीन अधीग्रहीत करने की बात कह रहे हैं।
ये भी जानें
291 करोड़ की लागत से होगा जमीन अधिग्रहण।
300 करोड़ की लागत से टाउनशिप में होंगे विकास कार्य।
170 एकड़ की गेट बंद टाउनशिप।
45 प्रतिशत ग्रीन क्षेत्रफल टाउनशिप में रहेगा।
18,500 रुपये प्रति गज की दर से आरडीए जमीन बेचेगा।
-
शहर में बड़ी टाउनशिप को आरडीए बोर्ड की मंजूरी मिलना महत्वपूर्ण है। ये टाउनशिप शहर से सटे भमरव्वा, बढ़पुरा शर्की, पहाड़ी और मझरा ताशका में बनेगी। यह रामपुर के विकास के लिए सराहनीय कदम है। बड़ी टाउनशिप बनने से शहर के लोगों को नियोजित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त आवासीय क्षेत्र उपलब्ध होगा। -आकाश सक्सेना, शहर विधायक
टाउनशिप बनाने की कार्ययोजना शासन से स्वीकृत हो गई है। भूमि अधिग्रहण की अनुमानित धनराशि 291.69 करोड़ है। आवासीय योजना विकसित करने एवं शासन से स्वीकृति मिलने के साथ ही सीड कैपिटल के रूप में अर्जन व्यय की धनराशि और भूमि अर्जन के लिए शेष धनराषि ऋण लेने के प्रस्ताव का अनुमोदन प्राधिकरण बोर्ड बैठक में हो चुका है। - जोगिंदर सिंह, डीएम
आरडीए के गठन के बाद ये पहली टाउनशिप है। इसे काफी खूबसूरत बनाएंगे। आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी। बिजली, पानी, जल निकासी जैसी सुविधाओं के साथ इंफ्रास्ट्रक्चर का भी विकास होगा। योजना से रामपुर की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। -आंजनेय कुमार सिंह, मंडलायुक्तअध्यक्ष-आरडीए