रामपुर। जिले में 18 साल से अधिक आयु वाले सभी लोगों का टीकाकरण मंगलवार से शुरू हो जाएगा। इसके लिए जिला अस्पताल समेत आठ स्वास्थ्य केंद्रों पर टीकाकरण सेंटर बनाए गए हैं। जिले में 18 साल से 44 साल तक आयु वाले एक हजार लोगों का रोजाना टीकाकरण होगा। इसके लिए पांच जून तक के स्लॉट बुक हो चुके हैं, जबकि 12 साल से कम आयु वाले बच्चों के अभिभावकों के लिए एक जून का पूरा स्लॉट बुक हो चुका है।
लंबे समय से जिले में 18 साल से अधिक आयु वाले सभी लोगों को कोरोना से बचाव के लिए टीका लगाए जाने का इंतजार था। शासन के निर्देश पर अब रामपुर समेत सभी जिलों में एक जून से 18 साल से अधिक आयु वाले सभी लोगों को निर्धारित लक्ष्य के अनुसार कोरोना से बचाव का टीका लगाया जाएगा। इसके लिए रविवार 30 मई को रजिस्ट्रेशन व स्लॉट बुक किए गए।
सीएमओ डॉ. संजीव कुमार यादव ने बताया कि 18 साल से 44 साल आयु वाले एक हजार लोगों को रोजाना टीका लगाया जाएगा। जिसमें सरकारी कर्मियों, मीडिया कर्मियों के साथ ही 12 साल से कम आयु वाले बच्चों के अभिभावकों के लिए अलग-अलग टीके की संख्या निर्धारित की गई है।
जिले में 12 साल से कम आयु वाले बच्चों के अभिभावकों के लिए रोजाना दो सौ टीके का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके सापेक्ष मंगलवार एक जून के सभी स्लॉट बुक हो चुके हैं। इसके साथ ही शेष वर्गों में पांच जून तक के स्लॉट बुक हो चुके हैं। 18 साल से 44 साल आयु तक के लोगों को जिला अस्पताल, स्वार सीएचसी, बिलासपुर सीएचसी, शाहबाद सीएचसी, मिलक सीएचसी, अजीतपुर स्वास्थ्य केंद्र, दोमहला स्वास्थ्य केंद्र और चमरौआ स्वास्थ्य केंद्र पर टीका लगाया जाएगा।