रामपुर। कोरोना संक्रमण से लड़ाई के लिए स्वास्थ्य विभाग की तैयारियां परखी जाएंगी। इसके लिए 28 मार्च को मॉक ड्रिल होगी। जिसमें कोरोना संक्रमण से बचाव की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी।
विदेशों में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ने के बाद कोरोना संक्रमण से निपटने के लिए अभी से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसके तहत जिला अस्पताल में मॉक ड्रिल (पूर्वाभ्यास) होगी। इसके तहत कोविड मरीजों को अस्पताल लाने से लेकर उन्हें अस्पताल में दाखिल कराने तक की प्रक्रिया की जमीनी हकीकत को देखा जाएगा।
बीते दो साल के अंदर कोरोना संक्रमण की पहली, दूसरी और तीसरी लहर ने कहर बरपाया था। जिले में बड़ी संख्या में लोग कोरोना संक्रमण की चपेट में आए थे और कई लोगों की मौत भी हुई थी। देश में अधिकांश मौत की वजह खस्ताहाल स्वास्थ्य सेवा, ऑक्सीजन, बेड, दवाइयां व इंजेक्शन की कमी रही थी लेकिन, कोरोना के फिर संक्रमण की आशंका को देखते हुए शासन ने स्वास्थ्य विभाग को सभी तैयारियां दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। चिकित्सालयों में ऑक्सीजन व्यवस्था, उपलब्ध बेड, वार्ड, दवाएं, एंबुलेंस, चिकित्सकों की उपलब्धता, इलाज की तैयारियां, मरीज के भर्ती कराने की व्यवस्थाओं के साथ मरीज को अस्पताल लाने से इलाज मिलने तक लगने वाले समय तक की रिहर्सल कराई जाएगी।