पुलिस-प्रशासन की सख्ती के बाद भी तहसील क्षेत्र की नदियों से अवैध खनन रुकने का नाम नहीं ले रहा है । प्रशासन चाहे लाख दावे खनन रोकने के करे ,लेकिन मिलीभगत से खनन के धंधेबाज भारी पड़ते नजर आ रहे हैं। नदियों से दिन रात खनन कर चुनौती दे रहे हैं । तहसीलदार ने मधुपुरा कोसी घाट पर छापा मार कार्रवाई कर खनन कर रहीं रेत से भरी तीन ट्रैक्टर ट्रालियों को पकड़ लिया और उन्हें सीज कर दिया ।
तहसील क्षेत्र में कोसी नदी ,घूघा नदी,पीला खार नदियों से अवैध खनन जमकर हो रहा है ।पुलिस प्रशासन लाख दावे कर रहा है कि अवैध खनन पर अंकुश लग चुका है लेकिन आए दिन कार्रवाई के बाद कोसी घाटों से वाहन व खनन मुखबिरों के पकड़े जाने से प्रशासन का दावा खोखला साबित होता है ।
गुरुवार को तहसीलदार अशोक चौधरी को सूचना मिली कि मधुपुरा कोसी घाट पर अवैध रूप से खनन कर रेत ट्रैक्टर ट्रालियों में भरकर ले जाया जा रहा है जिस पर उन्होंने राजस्व कर्मियों को साथ लेकर मधुपुरा कोसी घाट पर छापा मारा । प्रशासन को कोसी घाट पर देख वहां अफरातफरी मच गई और कुछ वाहन चालक अपने वाहनों को लेकर फरार हो गये। तहसीलदार ने अवैध रूप से रेत से भरी तीन ओवर लोड ट्रैक्टर ट्रालियों को पकड़ लिया जबकि उसके चालक मौके से फरार हो गये।
राजस्व कर्मी ट्रैक्टर ट्रालियों को तहसील ले आये जहां तहसीलदार ने उन्हें सीज कर दिया। तहसीलदार अशोक कुमार चौधरी ने बताया कि खनन होने की सूचना पर मधुपुरा घाट पर छापा मार कार्रवाई की गई थी, जहां से तीन ट्रैक्टर ट्रालियों को जब्त किया गया है । अवैध खनन पर अंकुश लगाने को छापा मार कार्रवाई जारी रहेगी ।