रामपुर। जिले में तीन और कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई। वहीं बुधवार को 81 नए संक्रमितों की पुष्टि की गई है। बुधवार को 84 लोगों के आइसालेशेन पूर्ण करने के बाद जिले में सक्रिय मामलों की संख्या 754 हो गई है।
जिले में कोरोना संक्रमण की चपेट में आकर दो और लोगों की मौत हो गई। इनमें स्वार क्षेत्र के एक 50 वर्षीय संक्रमित व्यक्ति की मौत जिला अस्पताल में हुई, जिसे पोर्टल पर भी अपलोड किया गया है। इसके साथ ही सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में भी एक 25 वर्षीय संक्रमित युवक की उपचार के दौरान मुरादाबाद में मौत हो गई। वहीं एक 50 वर्षीय शिक्षक की भी कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी की गई रिपोर्ट में 81 नए संक्रमितों की पुष्टि की गई है। जिसमें आरटी-पीसीआर जांच में 57 संक्रमितों, एंटीजन जांच में पांच संक्रमितों और निजी लैब की जांच में 19 संक्रमितों की पुष्टि की गई है। हालांकि बुधवार को भी आइसोलेशन पूर्ण कर कोरोना से रिकवर होने वालों की संख्या नए संक्रमितों से अधिक रही। बुधवार को 84 लोगों ने अपना आइसोलेशन अवधि पूर्ण कर ली। इसके बाद जिले में सक्रिय मामलों की संख्या 754 हो गई है। जिले में अब 11290 लोग कोरोना संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं।