मिलक। नगर में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार देर शाम 7:40 बजे एक तेज रफ्तार कार ने दो बाइकों को टक्कर मार दी, जिससे तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
क्षेत्र के ग्राम भैसोड़ी निवासी शादाब अपने चचेरे भाई राहिल के साथ बाइक से ईद के लिए कपड़े खरीदने नगर आ रहे थे। उनके साथ ही गांव निवासी अनस दूसरी बाइक से चल रहे थे। जैसे ही वे धर्मपुरा मार्ग पर ग्राम नवदिया के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार कार ने दोनों बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार चालक वाहन मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को तत्काल नगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।संवाद