शाहबाद (रामपुर)। भुड़ासी गांव में शनिवार रात बरात चढ़त के दौरान डॉ. भीमराव आंबेडकर से जुड़े गाना बजाने को लेकर हुए विवाद में पुलिस ने आठ आरोपियों में से तीन को गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपी को पुलिस ने जेल भेज दिया है। जबकि दो नाबालिग आरोपियों को मुरादाबाद बाल सुधार गृह भेजा है। साथ ही अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
भुड़ासी गांव में दलित समाज के धर्मवीर की बेटी की शादी में गांव के दूसरी जाति के लोगों ने बाबा साहब के गाने बजाने और बरात का विरोध करते हुए धर्मवीर को जातिसूचक शब्दों साथ अपमानित किया था। उसके बाद आरोपियों ने हथियारों और लाठी-डंडे लेकर बरातियों को दौड़ा दिया था। प्रकरण में दूसरी जाति के लोगों पर पत्थरबाजी करने के भी आरोप लगे थे। इस प्रकरण में वादी धर्मवीर ने ग्राम प्रधान समेत आठ के खिलाफ केस दर्ज कराया था।
एसपी विद्यासागर मिश्र ने ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने वाले दरोगा मचल सिंह और अमरपाल को लाइनहाजिर कर दिया था। पुलिस ने प्रकरण में नामजद समेत दो नाबालिग और एक प्रकाश में बालिग सोनू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों नाबालिगों को मुरादाबाद के बाल सुधार गृह भेज दिया। जबकि बालिग आरोपी को जेल भेज दिया है। मंगलवार को भी गांव में सुरक्षा के लिहाज से पुलिस तैनात रही।
कोतवाली प्रभारी पंकज पंत ने बताया कि दो नाबालिग और एक बालिग सोनू को भुड़ासी-शाहबाद रोड स्थित रामदास के ट्यूबवेल के पास से गिफ्तार किया है। नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेजा गया है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मंगलवार को भी पुलिस ने गश्त कर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।