बिलासपुर। कोतवाली पुलिस ने उत्तराखंड सीमा से सटे गांव खानपुर नई बस्ती में मारपीट के दौरान दम तोड़ने वाले उत्तराखंड के ट्रैक्टर चालक जहांगीर के नामजद तीन हत्यारोपियों को रविवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों की निशानदेही पर मारपीट में प्रयुक्त लाठी-डंडे भी बरामद किए हैं।
रुद्रपुर के मोहल्ला रेशमबाड़ी निवासी मोहम्मद ईशाद पुत्र आश मोहम्मद ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका भाई जहांगीर 35 ट्रैक्टर-ट्रॉली के जरिए मजदूरी करता था। उन्होंने रिपोर्ट में दर्शाया था कि शुक्रवार की देर रात उनके मोहल्ले का ही हरीश उनके भाई जहांगीर को समीप के गांव खानपुर नई बस्ती निवासी अपने दोस्त सूबा सिंह से मिलाने के लिए ले गया था।
देर रात सूबा सिंह का अपने पड़ोसी मामा दलवीर सिंह के पुत्रों गुरजीत सिंह, गुरमीत सिंह व सुरेंद्र सिंह पुत्र भजन सिंह व एक अन्य युवक से रास्ते से निकलने को लेकर विवाद हो गया था। आरोप था कि विवाद के दौरान जहांगीर व हरीश को आरोपी चारों लोगों ने गंभीर रूप से जख्मी कर दिया था, जिसमें गंभीर घायल जहांगीर मौके पर ही गिर गया था।
घटना के बाद दोनों घायलों को रात में ही रुद्रपुर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। रुद्रपुर के जिला अस्पताल में जहांगीर ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था। रुद्रपुर पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद जहांगीर का शव परिजनों को दे दिया था। कोतवाली प्रभारी बलवान सिंह ने बताया कि रविवार की दोपहर मुखबिर की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने नामजद गुरजीत, गुरमीत व सुरेंद्र निवासी खानपुर नई बस्ती को मानपुरओझा से प्रीत बिहार जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार कर लिया।
तीनों की निशानदेही पर मारपीट में प्रयुक्त लाठी-डंडे भी बरामद किए हैं। कोेतवाली प्रभारी का कहना है कि फरार अज्ञात को भी शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।