प्रथमा बैैंक बिलासपुर गेट की शाखा को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद बैंक कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अफसरों में भी खलबली मच गई। तत्काल पुलिस वहां पर पहुंच गई। बैंक को चारों ओर से घेर लिया गया। बैंक की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कोई भी विस्फोटक या आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली, जिस पर बैंक स्टाफ और पुलिस ने राहत की सांस ली। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जिस फोन नंबर से काल आई थी, उसी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। नबंर ट्रेस किया जा रहा है।
विज्ञापन
बिलासपुर गेट पर स्थित प्रथमा बैंक शाखा में तैनात मैनेजर ध्रुव कुमार शर्मा के मोबाइल फोन पर दोपहर करीब दो बजे एक काल आई। फोन करने वाले ने मैनेजर को बताया कि बैंक के अंदर बम रखा है। बैंक से बाहर निकलते ही तुम को गोली मार दी जाएगी। यह सुनने के बाद बैंक मैनेजर के पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई। इस के बाद फोन कट गया। बैंक मैनेजर ने सभी साथियों को बुलाकर मामले की जानकारी दी। जिससे बैंक में खलबली मच गई। कर्मचारी दहशत में आ गए। तुरंत ही इस धमकी भरे फोन की जानकारी गंज थाना पुलिस को दी गई। बम की सूचना के बाद गंज थाने में तैनात पुुलिस कर्मियों के होश उड़ गए।
गंज पुलिस बैंक पहुंच गई। पुलिस ने बैंक को चारों ओर से घेर लिया और बैंक बंद कर लिया। उसके बाद पुुलिस ने बैंक मैनेजर से सारे मामले की जानकारी ली। फिर पुलिस ने बैंक की तलाशी ली। लेकिन पुलिस को कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। बाद में तहरीर के आधार पर पुलिस ने जिस नंबर से काल आई थी उस नंबर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कल ली। फोन नंबर को सर्विलांस पर लगाकर जांच शुरू कर दी है। गंज प्रभारी आशीष कुमार शुक्ला कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर नंबर की तलाश की जा रही है।