शादी के लिए बैंक से रुपये नहीं मिलने पर दूल्हा खुद बैंक मैनेजर के पास पहुंच गया और 50 हजार रुपये खाते से निकालकर देने की मांग की। प्रबंधक के महज दस हजार रुपये देने पर दूल्हे ने आत्महत्या की धमकी दे डाली।
बैंक मैनेजर ने शुक्रवार को पैसे देने का वादा किया है। पटवाई थाना क्षेत्र के गांव पंजाबनगर निवासी चंदपाल सिंह का कहना है कि गुरुवार को उसके लगुन का कार्यक्रम था। जबकि, शुक्रवार को बारात जानी है। आरोप है उन्हें शादी के लिए पैसे की जरूरत थी। वह लगातार आठ दिन से बैंक में मैनेजर से पैसों के लिए कहा रहा था।
गुरुवार को वह खुद पैसे लेने के लिए बैंक गया। लेकिन बैंक मैनेजर ने उसको करेंसी की किल्लत बताकर कैश देने से मना कर दिया। इस पर दूल्हे ने आत्महत्या करने की धमकी दी। इसके बाद उसे सिर्फ दस हजार रुपये दिए गए, बाकी रुपये शुक्रवार का देने का वादा किया है। इस दौरान परिवार के लोगों ने बैंक के बाहर हंगामा किया।