स्वार। क्षेत्र के रहमतगंज गांव में हुई सीआरपीएफ जवान की हत्या में शामिल तीसरे नामजद आरोपी ने बृहस्पतिवार को कोर्ट में सरेंडर कर दिया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। चार मार्च को दो पक्षों झगडे़ में सीआरपीएफ के जवान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
स्वार कोतवाली क्षेत्र के रहमतगंज गांव में 4 मार्च को हरस्वरुप यादव के बेटे कृष्ण कुमार यादव उर्फ पिंटू और राजेश यादव में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई थी। छुट्टी पर घर आये सीआरपीएफ जवान धर्मेंद्र यादव ने दोनों भाइयों के बीच हुए विवाद को निपटाने का प्रयास किया था। आरोप है कि आरोपी पक्ष ने कहा कि तू बड़ा फौजी बनता है और यह कहते हुए कृष्ण कुमार ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से सीआरपीएफ जवान धर्मेंद्र यादव को गोली मारदी जो उसके सिर में लगी और कुछ देर बाद अस्पताल में मौत हो गई थी। इस घटना में सीआरपीएफ जवान के पिता जोगेंद्र यादव ने हरस्वरुप यादव, उसके बेटे कृष्ण कुमार, राजेश यादव और ललित यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस द्वारा हरस्वरुप यादव व कृष्ण कुमार को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। तीसरे आरोपी राजेश यादव ने बृहस्पतिवार को न्यायालय में आत्म समर्पण कर दिया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। स्वार कोतवाल संदीप त्यागी ने तीसरे आरोपी राजेश यादव के न्यायालय में ने सरेंडर किये जाने की पुष्टि की है। अभी इस कांड में अंतिम चौथे आरोपी की पुलिस को तलाश है।