रामपुर। पटवाई थाना क्षेत्र के गांव रतनपुरा जनूबी में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए नकदी और लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव निवासी मदनलाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रविवार को रात के समय अज्ञात चोर उनके घर में घुस आए। चोरों ने घर में रखी अलमारी और अन्य सामान खंगाल दिया। इस दौरान एक जोड़ी पायल, गले की हंसली, कानों के सोने के कुंडल, सोने की चेन समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। इसके अलावा घर में रखी नकदी भी चोर अपने साथ ले गए।
पीड़ित के अनुसार चोरी गए सामान की कीमत दो लाख रुपये से अधिक है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पीड़ित ने चोरों के खिलाफ कार्रवाई और चोरी के खुलासे की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार का कहना है कि मामले की जानकारी मिली है। तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।