रामपुर। ज्वालानगर में शुक्रवार रात चोरों ने मकान के ताले तोड़कर पांच हजार रुपये की नकदी समेत करीब आठ रुपये कीमत के जवरात साफ कर दिए। सुबह पड़ोसियों ने मकान के ताले टूटे देखे तो मकान स्वामी को जानकारी दी। मकान स्वामी की सूचना के बाद पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामला सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के ज्वालानगर का है। सांई विहार कॉलोनी स्थित ज्ञान सरोवर धर्मशाला के पास नरेश कुमार का मकान है। वह हाइवे स्थित एक होटल में लेखाकार हैं और अपने परिवार के साथ रहते हैं। शुक्रवार को उनके गांव चिकटी रामनगर में शादी थी, जिसके बाद वह परिवार के साथ गांव चले गए थे। मकान मेें ताले लगा दिए थे। रात में चोर मुख्य द्वारके दो ताले तोड़कर मकान में प्रवेश कर गए। इसके बाद करीब 15 तोले सोना, दो किलोग्राम चांदी एवं पांच हजार रुपये की नकदी समेटकर ले गए।
सुबह के समय जब पड़ोसियों ने मकान के ताले टूटे देखे तो उन्होंने मकान स्वामी को जानकारी दी। सूचना मिलते ही वह तुरंत वापस आ गए। देखा तो मकान के ताले टूटे हुए थे और जेवरात व नकदी गायब थी। उन्होंने तुरंत ज्वालानगर चौकी जाकर पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने मौका मुआयना किया। ज्वालानगर चौकी इंचार्ज राजेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही चोरी का खुलासा कर दिया जाएगा।