बिलासपुर (रामपुर)। ग्राम नगरिया कलां के मजरा बृहस्पतिवार की रात चोर गांव निवासी जितेंद्र के घर के ताले तोड़कर नकदी व जेवर चोरी कर ले गए। चोरों ने मोहल्ले के एक अन्य घर में भी चोरी का प्रयास किया, लेकिन जाग होने पर भाग गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्राम नगरिया कलां के मजरा निवासी जितेंद्र मसीह की पत्नी रानी मसीह के अनुसार उनका घर रेलवे लाइन किनारे हैं। बृहस्पतिवार की रात वह परिवार के साथ ग्राम मनकरा निवासी अपनी भांजी के जन्मदिन में गईं थीं। शुक्रवार की सुबह करीब सात बजे पड़ोसी अमर ने फोन कर बताया कि उनके घर के ताले टूटे हुए हैं। वह मौके पर पहुंचीं तो देखा कि मेन गेट का ताला टूटा हुआ था और घर के अंदर कमरों के ताले भी टूटे हुए थे। अलमारी व संदूक का सामान बिखरा पड़ा था। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। उन्होंने बताया कि चोर घर में रखे करीब 80 हजार रुपये समेत तीन लाख रुपये के जेवर चुराकर ले गए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
वहीं मोहल्ला निवासी अंकित कुमार के बंद घर में भी चोरों ने ताले तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन जाग होने की वजह से चोर भाग गए। मोहल्ले के लोगों ने पुलिस को बताया कि बुधवार की रात चोरों ने इसी मोहल्ले में रहने वाले शराब सेल्समैन जमुना प्रसाद गंगवार उर्फ भोलाराम के घर के ताले तोड़कर भी करीब 4.75 लाख रुपये की नगदी व जेवर चोरी कर लिए थे। चोरी की लगातार तीन वारदातों के बाद मोहल्ले के लोगों में दहशत है। उन्होंने पुलिस पर रात के दौरान मोहल्ले में गश्त न लगाने का भी आरोप लगाया है। सीओ रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया की घटना उनके संज्ञान में नहीं है। फिर भी वह मामले की जांच कराकर कार्रवाई करेंगे।