रामपुर। होली पर्व को लेकर जिले में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए बिजली विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। त्योहार के दौरान उपभोक्ताओं को 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जाएगी तथा फॉल्ट की स्थिति में 30 मिनट के भीतर समस्या के समाधान के निर्देश दिए गए हैं।
होली पर्व को देखते हुए विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त कर दी गई हैं। केवल विशेष परिस्थितियों में ही अवकाश स्वीकृत किया जाएगा।
चार मार्च को मनाई जाने वाली होली के मद्देनजर सभी विद्युत उपकेंद्रों की मरम्मत का कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है। जिन क्षेत्रों में तार टूटने की घटनाएं अधिक हो रही थीं, वहां पुराने तार बदल दिए गए हैं, जिससे फॉल्ट की संभावना कम हो सके।
प्रत्येक उपकेंद्र पर तीन शिफ्टों में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। कंट्रोल रूम के माध्यम से प्राप्त होने वाली शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाएगा, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
अधीक्षण अभियंता सत्येंद्र चौहान ने बताया कि त्योहार के दौरान सुचारु बिजली आपूर्ति बनाए रखना विभाग की प्राथमिकता है।