बिलासपुर। नगर में नैनीताल हाईवे पर कोतवाली के पास स्थित एक सरिया-सीमेंट की दुकान में चोरी की वारदात सामने आई है। नकाबपोश दो अज्ञात चोर दुकान से करीब तीन लाख रुपये का माल चोरी कर ले गए। इस दौरान चोरों ने कुछ कागजों में आग भी लगा दी। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
कारोबारी मयंक अग्रवाल की दुकान में बुधवार रात चोर ग्रिल तोड़कर घुसे। उन्होंने कार्यालय और अंदर रखी अलमारी भी तोड़ दी। चोर करीब दो लाख रुपये की नकदी और चांदी के 30 सिक्के चोरी कर ले गए। सीसीटीवी फुटेज में चोर रात 2:30 बजे दुकान में प्रवेश करते और 3:15 बजे बाहर निकलते दिखाई दे रहे हैं।
फुटेज के अनुसार, चोरों ने पहले सिर पर पॉलिथीन बांधी और बाद में अलमारी से हेलमेट निकालकर पहन लिए, ताकि उनकी पहचान न हो सके। इसके बाद उन्होंने वारदात को अंजाम दिया।
दुकान मालिक मयंक अग्रवाल ने बताया कि चोरों ने अलमारी तोड़ने के बाद कुछ महत्वपूर्ण कागजों में आग लगाई और फिर पानी डालकर उसे बुझा दिया। कारोबारी की तहरीर पर पुलिस ने दो अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
000
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
सीओ हर्षिता सिंह ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। टीमों ने बृहस्पतिवार को घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जिला मुख्यालय से पहुंची फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।