टांडा (रामपुर)। मोहल्ला पड़ाव में मंगलवार को एक युवक ने खुद को गोली मार ली जिससे उसकी मौत हो गई। प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक कलह से जोड़कर देखा जा रहा है। शव का पोस्टमार्टम कराकर पुलिस जांच में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार, मोहल्ला पड़ाव निवासी मोहम्मद सईद (28) ट्रक चालक था। उसने अपने घर के आंगन में मंगलवार को तमंचे से कनपटी पर गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे सीएचसी ले गए, जहां से चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। रास्ते में उसकी मौत हो गई।
सईद आठ भाई-बहनों में चौथे नंबर का था। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से पारिवारिक विवाद को लेकर वह तनाव में था। परिवार के लोग यह नहीं बता पाए कि उसके पास तमंचा कहां से आया।
घटना से मोहल्ले में सनसनी फैल गई। परिवार में कोहराम मचा है। कोतवाली प्रभारी संदीप मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में पारिवारिक कलह की बात सामने आ रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।