बिलासपुर। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने नगर अध्यक्ष मो. अनस खां के खिलाफ महिला की ओर से दर्ज मुकदमे को झूठा बताते हुए उसे निरस्त किए जाने की मांग की है। इस मांग को लेकर व्यापारियों ने बृहस्पतिवार को विरोध जताया और सीओ को ज्ञापन सौंपा। सीओ ने मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।
तहसील अध्यक्ष मो. यासीन खां के नेतृत्व में व्यापार मंडल कार्यकर्ता बृहस्पतिवार दोपहर करीब एक बजे सीओ कार्यालय पहुंचे। पहले कार्यालय के बाहर खड़े होकर उन्होंने अपना विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद सीओ रविंद्र प्रताप सिंह से मुलाकात कर उन्हें अपना ज्ञापन सौंपा।
व्यापारी नेताओं ने बताया कि नगर के मोहल्ला टांडा हुरमतनगर की बस्ती की रहने वाली एक महिला ने जमीन के विवाद को आधार बनाकर 11 फरवरी को संगठन के नगर अध्यक्ष के खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कराया है। फौजदारी का मुकदमा दर्ज कराकर यह महिला ब्लैकमेलिंग करना चाहती है।
आरोप है कि मादक पदार्थों का कारोबार करने वाले कुछ लोगों का इस महिला को संरक्षण प्राप्त है। इस मुकदमे से व्यापारी नेता व उनके परिवार की छवि धूमिल हो रही है। पुलिस प्रशासन जांच कर झूठा मुकदमा समाप्त कराए तथा असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करें। इस अवसर मो. याकूब खां, माहिर खां, शुएब सलमानी, आसिम खां, रिंकू कुमार, फैज खां आदि मौजूद रहे।