पुलिस ने बुधवार को यशपाल की हत्या में शामिल तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। हत्याकांड का खुलासा कर पुलिस पहले ही दो मुख्य आरोपियों समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। उधर, मृतक की प्रेमिका को वारदात के दो दिन बाद ही गाजियाबाद की महिला बाल सुधार गृह भेजा गया था।
19 फरवरी को रवानी पट्टी उदा गांव निवासी यशपाल की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने 23 फरवरी को हत्याकांड का खुलासा किया था। किशोरी के मंगेतर बदायूं के दबतौरी गांव निवासी सूरजपाल ने जितेंद्र और मोहित के साथ मिलकर यशपाल की हत्या की थी। पुलिस ने सूरजपाल व जितेंद्र को गिरफ्तार कर लिया था। साथ ही हत्या में साजिशकर्ता किशोरी के पिता लाखन व भाई राजेश और हत्या के साक्ष्य मिटाने वाले सूरजपाल के भाई रोहित को जेल भेज दिया था।
हत्या में शामिल साजिशकर्ता किशोरी यानी यशपाल की प्रेमिका को भी गाजियाबाद स्थित महिला बाल सुधार गृह भेज दिया था। पुलिस हत्या में शामिल तीसरे दोस्त मोहित की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही थी। बुधवार को पुलिस ने मुख्य हत्यारोपी सूरजपाल के दोस्त बदायूं के दब्तोरी गांव निवासी मोहित को शाहबाद के गुलड़ियां कलां गांव के मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। जिसे जेल भेजा गया है।