स्वार (रामपुर)। थाना मिलकखानम क्षेत्र के कुम्हरिया कलां गांव में कार वॉशिंग सेंटर संचालक नवजोत सिंह की हत्या उसके सौतेले बेटे ने की थी। वारदात को अंजाम देने के लिए वह न्यूजीलैंड से चुपचाप गांव पहुंचा था। यहां उसने अपने फुफेरे भाई के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने दिनदहाड़े हुई इस घटना का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एएसपी अनुराग सिंह ने बताया कि पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कार और हथियार भी बरामद कर लिए हैं।
10 अक्तूबर को टाहकला गांव निवासी नवजोत सिंह कुम्हरिया कलां स्थित अपनी कार वॉशिंग की दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान कार सवार युवकों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी थी। मामले में 11 अक्तूबर को आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
हत्या की घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई थी। सोमवार को मुखबिर की सूचना पर मिलकखानम पुलिस ने पीपलीवन के जंगल में नहल बैराज के पास दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान टाहकला निवासी अवदीप सिंह और बिलासपुर क्षेत्र के कचनाल गांव निवासी राजनदीप सिंह उर्फ रजविंदर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान अवदीप के पास से 315 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस मिले। राजनदीप के पास से भी 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और 32 बोर की पिस्टल के साथ दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। सीओ हर्षिता सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। हत्याकांड में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।
000
झाड़ियों में छिपा रखी थी वारदात में इस्तेमाल कार
स्वार। नवजोत सिंह हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपियों ने वारदात में इस्तेमाल की गई ग्रे कलर की ऑल्टो कार झाड़ियों में छिपाकर रखी थी। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर पीपलीवन के जंगल में नहल बैराज के पास से कार बरामद की। कार का नंबर यूके 06 एम 8966 है। तलाशी के दौरान कार में चालक और बगल वाली सीट के बीच से 315 बोर के दो खोखा कारतूस भी मिले। पुलिस के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ और बरामदगी के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। संवाद
वर्जन
नवजोत की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए दो हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या में प्रयुक्त कार व हथियार बरामद कर लिए हैं। शेष आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। -अनुराग सिंह, एएसपी