स्वार (रामपुर)। रामपुर–बाजपुर मार्ग पर मंगलवार को दिनभर जाम लगा रहा, जिससे राहगीर, स्कूली बच्चे और व्यापारी वर्ग बेहद परेशान रहे। एंबुलेंस और जरूरी सामान लेकर जा रहे वाहन भी जाम में फंसे रहे।
नगर से गुजर रहे रामपुर-बाजपुर स्टेट हाईवे को जाम से निजात नहीं मिल रही है। रोड के दोनों ओर फुटपाथ को दुकानदारों, रेहड़ी, ठेला-ठेली ओर बेतरतीब खड़े वाहनों का कब्जा रहने से मार्ग संकुचित हो गया है। इस कारण लगभग रोजाना ही नगर में जाम की समस्या बन रहीं है। मंगलवार को सुबह से जाम की समस्या रही। वाहनों को रेंगते हुए गुजरना पड़ा। एंबुलेंस भी कई बार जाम में फंस गईं। इसके बावजूद नगर प्रशासन और पुलिस की तरफ से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
नगर के सभासद हाजी टीपू और भारतीय किसान यूनियन के तहसील अध्यक्ष जरनैल सिंह का कहना है कि सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण ने नगर की व्यवस्था चौपट कर दी है। हमने कई बार प्रशासन को लिखित रूप में शिकायत दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जब तक अतिक्रमण नहीं हटेगा, ऐसी परेशानी बार-बार सामने आती रहेगी।
सीओ अतुल कुमार पांडेय ने बताया कि जाम की जानकारी मिलते ही पुलिस बल को मौके पर भेजा गया था। अतिक्रमण की स्थिति से नगर प्रशासन अवगत कराया जा रहा है। बहुत जल्द संयुक्त अभियान चलाकर सड़क को पूरी तरह से साफ कराया जाएगा, ताकि जनता को राहत मिल सके।