टांडा। नगर में बुधवार को पालिका बोर्ड की बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें बीते दिनों हुए एक सभासद के निधन पर उनके सम्मान में उनके मोहल्ले का नाम बदल कर सभासद के नाम पर रखने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित कर किया गया। वहीं सभासदों से नगर में जागरूकता अभियान चलाने को भी कहा गया।
नगर में बुधवार को चैयरमेन महनाज जहां की अध्यक्षता में आयोजित पालिका बोर्ड की बैठक में बीमारी चलते वार्ड सभासद हाजी युसूफ की मौत पर दो मिनट का मौन धारण कर शोक सभा का आयोजन किया गया। बाद में बैठक की कार्यवाही पालिकाध्यक्ष की संतुति के बाद शुरू हुई। बैठक शुरू होने के बाद वार्ड सभासद खेरुन्निशा ने प्रस्ताव रखा की वार्ड सभासद हाजी युसूफ के सम्मान में उनके मोहल्ले का नाम परिवर्तित करके सभासद के नाम पर रखा जाए। सभी सभासदों ने एक मत से प्रस्ताव का समर्थन किया, जिसके बाद मोहल्ला काजीपुरा के अंतर्गत आने वाले गुलपार के हिस्से का नाम बदल कर मोहल्ला युसूफ नगर कर दिया गया। पालिकाध्यक्ष मेहनाज जहां ने सभी सभासदों को संबोधित करते हुए कहा की कोरोना महामारी अपना विकराल रूप धारण कर चुकी है। सभी सभासद अपने वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाएं और लोगों को कोरोना संक्रमण के प्रति जागरूक करें। वहीं अगर किसी भी व्यक्ति को कोई शिकायत है तो वो नगर पालिका के जारी हेल्पलाइन नंबर 0595-2535047 पर अपनी शिकायत दर्ज करवाए। इस दौरान राजकुमार शुक्ला, धनीराम आदि समेत सभासद मौजूद रहे।