रामपुर। जेल प्रशासन ने कोर्ट को रिपोर्ट भेजी है। रिपोर्ट में सुरक्षा का हवाला दिया गया है। साथ ही राजनीतिक कैदियों को रखने के लिए उच्च मानकों की बैरक न होने की बात भी कही गई है। अब कोर्ट को तय करना है कि आजम और अब्दुल्ला आजम रामपुर जेल में रहेंगे या दूसरी जेल में शिफ्ट होंगे।
सोमवार को आजम ने कोर्ट से गुहार लगाई थी कि उन्हें ए कैटेगरी की जेल में बेटे अब्दुल्ला के साथ रखा जाए। साथ ही सुरक्षा का हवाला देते हुए कहा था कि रात के समय उन्हें दूसरी जेल में शिफ्ट न किया जाए। इससे उनकी जान को खतरा हो सकता है। उन्होंने दोनों को रामपुर जेल में रहने देने की मांग की थी। इस मामले में कोर्ट ने जिला और जेल प्रशासन से रिपोर्ट मांगी थी।
जेल प्रशासन ने रिपोर्ट कोर्ट को भेज दी है। रिपोर्ट में सुरक्षा का हवाला देते हुए आजम खां और अब्दुल्ला आजम को दूसरी जेल में शिफ्ट करने का निवेदन किया है। कहा गया है कि राजनीतिक कैदियों को रखने के लिए उनके पास जेल में कोई सुरक्षित बैरक नहीं है। जेल की व्यवस्था भी एसी नहीं है। जेल में उच्च मानकों की बैरक नहीं है। जेल अधीक्षक राजेश यादव ने बताया कि जेल बी कैटेगरी की है। कोर्ट ने रिपोर्ट मांगी थी। कोर्ट को रिपोर्ट भेज दी गई है।