रामपुर। सीएमओ कार्यालय परिसर में बना पुराना ओवरहेड टैंक जर्जर होकर खतरे का कारण बन गया है। टैंक की बाहरी सतह से लगातार प्लास्टर टूटकर गिर रहा है, जिससे कार्यालय में कार्यरत कर्मचारियों और यहां आने वाले लोगों में चिंता बनी हुई है। बरसात और तेज हवाओं के मौसम में इसकी स्थिति को देखते हुए हादसे की आशंका बढ़ गई है।
कई वर्ष पहले निर्मित यह ओवरहेड टैंक अब उपयोग में नहीं है, लेकिन इसकी संरचना लगातार कमजोर होती जा रही है। कार्यालय परिसर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में कर्मचारी और फरियादी आते-जाते हैं। ऐसे में किसी भी समय टैंक का हिस्सा गिरने से गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। सीएमओ कार्यालय की ओर से जर्जर टैंक के ध्वस्तीकरण के लिए लोक निर्माण विभाग को पत्र भेजा गया है।
कर्मचारियों का कहना है कि समय रहते टैंक को हटाया जाना जरूरी है, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके और कार्यालय परिसर पूरी तरह सुरक्षित बन सके।
000
बिल्डिंग में 50 से अधिक कर्मचारी करते हैं काम
रामपुर। सीएमओ कार्यालय भवन में 50 से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं। भवन के समीप स्थित जर्जर ओवरहेड टैंक से हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है। टैंक से प्लास्टर गिरने की घटनाओं के बाद कर्मचारियों में भय का माहौल है। उनका कहना है कि बरसात और आंधी के दौरान खतरा और बढ़ जाता है। कर्मचारियों ने संबंधित विभागों से टैंक का शीघ्र ध्वस्तीकरण कराने की मांग की है।
कार्यालय परिसर में स्थित ओवरहेड टैंक काफी पुराना और जर्जर हो चुका है। सुरक्षा की दृष्टि से इसके ध्वस्तीकरण की आवश्यकता है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया गया है। विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। -डॉ. दीपा सिंह, सीएमओ