रामपुर। फर्जीवाड़ा कर पिता की पेंशन लेने के मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपी राजेश कुमार सक्सेना को कोर्ट ने रिहा कर दिया। राजेश को हाईकोर्ट से गिरफ्तारी पर रोक मिलने के बावजूद पुलिस ने 30 अप्रैल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
यह मामला सिविल लाइंस थाना क्षेत्र से जुड़ा है, जहां सात मई 2022 को राजेश के भाई शैलेश कुमार ने उनके खिलाफ पेंशन घोटाले की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। विवेचना संभल क्राइम ब्रांच को सौंपी गई थी। गिरफ्तारी के खिलाफ राजेश की पत्नी ने कोर्ट में आवेदन दिया, जिसमें हाईकोर्ट के स्टे ऑर्डर का हवाला था। कोर्ट ने आदेश की अवहेलना को गंभीरता से लिया और विवेचक से माफी मंगवाई, जिसके बाद राजेश को रिहा कर दिया गया।