सहकारी समितियों के डायरेक्टर (संचालक सदस्य) के चुनाव के लिए शनिवार को नामांकन प्रक्रिया पूर्ण हुई। इस दौरान कई समितियों पर अव्यवस्थाएं हावी रहीं, जिसके चलते हंगामे भी हुए। कहीं समितियों पर ही ताले पड़े रहे तो कहीं आरओ और एआरओ नदारद रहे। जिससे ग्रामीणों में रोष भी रहा। सोमवार को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। जिसमें अपूर्ण या गलत नामांकन पत्रों को खारिज कर दिया जाएगा।
जिले में 64 पैक्स समितियों, 45 विशेष प्रकार की अन्य समितियों और दस हथकरघा समितियों के संचालक सदस्य के लिए शनिवार को नामांकन प्रक्रिया संपन्न हुई। नामांकन प्रक्रिया समितियों के कार्यालयों पर हुई। इस दौरान कई समितियों पर अव्यवस्थाएं सामने आईं।
वहीं, नगर क्षेत्र की कुछ किसान सेवा सहकारी समितियों पर संचालक मंडल के लिए नामांकन कराने के लिए निर्वाचन अधिकारियों के न पहुंचने पर नामांकन करने वाले लोग परेशान रहे। उन्होंने प्रदर्शन कर डीएम से शिकायत भी की है।
किसान सेवा सहकारी समिति नवाबगंज, केमरी, गोधी पर शनिवार की सुबह से ही लोगों की भीड़ लगनी शुरु हो गई। लोगों का कहना है कि शाम चार बजे तक कोई भी निर्वाचन अधिकारी चुनाव प्रक्रिया कराने के लिए नहीं पहुंचा। नवाबगंज में लोगों ने निर्वाचन विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि चुनाव प्रक्रिया समिति मुख्यालय पर कराने के लिए कोई नहीं पहुंचा।
प्रदर्शन करने वालों में ग्राम प्रधान दीपेंद्र सिंह नेगी, बब्लू सिंह, ललित पांडेय, भाकियू ब्लाक अध्यक्ष मंजीत सिंह अटवाल थे।
केमरी समिति पर भी लोगों ने प्रदर्शन कर शासन व प्रशासन पर गुपचुप ढंग से चुनाव कराने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सत्ता के दबाव में निर्वाचन अधिकारी जिला मुख्यालय पर कार्रवाई कर रहे हैं। प्रदर्शन में भाकियू के जिला सचिव मोहम्मद रफीक अहमद, राजेश कुमार, मोहम्मद नूर, हरीश कुमार, हाजी नत्थू, समीर अहमद, जहीर अहमद, कबीर अहमद, शफीक अहमद, इशरत अली थे।
समिति गोधी समिति के निवर्तमान चेयरमैन हरदेव सिंह ने डीएम आदि को भेजे पत्र में कहा कि गोधी समिति में 19 जनवरी को अंतिम मतदाता सूची का न तो प्रकाशन हुआ और 20 तारीख को भी कोई चुनाव कार्य नहीं हुआ है। उन्होंने चुनाव कार्यक्रम निरस्त कराकर नई तिथि घोषित करने की मांग की है। मनकरा समिति पर भी लोगों ने चुनाव प्रक्रिया आज न होने का आरोप लगाया है। रहसेना समिति पर आज 26 नामांकन पत्र बिके और 26 ही जमा हुए हैं। उक्त संदर्भ में एसडीएम डीएस गुप्ता ने बताया कि वह चुनाव प्रक्रिया से अलग हैं, मगर कोई शिकायत करता है तो जांच कराई जाएगी।