केमरी (रामपुर)। पीलाखार नदी पर 15.59 करोड़ रुपये की लागत से बना 212 मीटर लंबा पुल जनता को समर्पित कर दिया। राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने बृहस्पतिवार को पुल का उद्घाटन किया। अब केमरी और आसपास के लोगों को जाम की समस्या से मुक्ति मिल सकेगी।
राज्यमंत्री ने कहा कि पुल के निर्माण से केमरी व आसपास के लोगों को सहूलियत मिलेगी। पुराने पुल पर भारी वाहनों के आवागमन से आए दिन जाम की समस्या से जूझना पड़ता था। लोगों की समस्याओं को देखते हुए उन्होंने नए पुल के निर्माण के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा था। शासन की मंजूरी मिलने के बाद पुल का निर्माण कराया गया। कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व समय सीमा में पुल का निर्माण संभव हो सका है।
कहा कि चुनाव के वक्त उन्होंने जो वादे जनता से किए थे, वह उनको पूरा कर रहे हैं। उन्होंने समय सीमा में पुल का निर्माण करने के लिए कार्यदायी संस्था एएम बिल्डर्स एंड इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड के एमडी जावेद अली खां की भी सराहना की। इस अवसर पर अर्चना गंगवार, बीना भारद्वाज, सुरेश गंगवार, रोहताश मौर्य, हेमा रानी, शाहीन अंसारी, परवेज अली, इंद्रजीत यदुवंशी, रजनीश पटेल आदि मौजूद रहे।
लोगों ने राज्यमंत्री का किया स्वागत
केमरी में पीलाखार नदी पर नवनिर्मित पुल के उदघाटन पर लोगों ने खुशी जताई। उद्घाटन करने पहुंचे राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख का लोगों ने ढोल नगाड़ों से स्वागत किया। इस दौरान लोगों ने राज्यमंत्री पर फूलों की वर्षा भी की।
अंसारी को राज्यमंत्री ने सम्मानित किया
बुधवार को उत्तर प्रदेश सरकार से जारी राज्य हज समिति की जारी लिस्ट में ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम समाज के प्रदेश अध्यक्ष शाहीन अंसारी को समिति का सदस्य नामित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान राज्यमंत्री ने शाहीन अंसारी को सम्मानित किया।
जल्द ही मंडी और अस्पताल का भी होगा उद्घाटन
राज्यमंत्री ने कहा कि केमरी स्थित उपमंडी का भी कार्य लगभग पूरा हो चुका है। जल्द ही वह उपमंडी का उदघाटन करेंगे। अस्पताल को लेकर राज्यमंत्री ने कहा कि केमरी में सीएचसी की मंजूरी मिल गयी है। जिसके लिए जमीन भी चिह्नित कर ली है है। जल्द ही सीएचसी का निर्माण कार्य भी शुरू करा दिया जाएगा।
पीलाखार नदी पर बने नए पुल से अब केमरी के व्यापारियों को बहुत सहूलियत मिलेगी। पुराने पुल के संकरा होने के कारण व्यापारियों को आयात-निर्यात में दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। नया पुल बनने से उनकी परेशानी दूर हो जाएगी। -अफसर अली सिद्दीकी, महामंत्री व्यापार मंडल, केमरी
पुराने पुल पर आए दिन जाम लगने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। कई बार मरीजों के वाहन भी जाम में फंस जाते थे। नया पुल का निर्माण होने से लोगों को आवागमन में कोई दिक्कत नहीं होगी। समय से गंतव्य पर पहुंच सकेंगे। -रामदेव लोधी, ग्रामीण
राज्यमंत्री यह काम सराहनीय किया गया है। केमरी व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों का ज्यादातर काम रामपुर रहता है। पुराने पुल पर घंटों लोग जाम में फंस जाया करते थे। जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। -अब्दुल हसन, पूर्व सभासद
घरेलू सामान की खरीदारी के अलावा बच्चों का पढ़ने के लिए पीलाखार नदी के पुल से होकर ही केमरी ही जाना होता है। पुराने पुल पर आए दिन जाम की समस्या से परेशानी होती थी। नया पुल बनने से जाम से निजात मिल सकेगी। - भानु प्रताप मौर्य, ग्रामीण, जनुनागर