रामपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार देर रात मौसी के घर रह रहे शाहजहांपुर के युवक का शव कमरे में पंखे से लटका मिला। युवक रोजाना की तरह कपड़े की दुकान से काम कर घर लौटा था और कुछ देर बाद अपने कमरे में चला गया।
काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजन कमरे में पहुंचे तो युवक को फंदे से लटका देखकर उनके होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग आया है।
शाहजहांपुर के खटखाना निवासी पवन कुमार कई साल से शहर कोतवाली क्षेत्र के थाना हजियानी की दर्जी वाली गली में अपने मौसेरे भाई सचिन के परिवार के साथ रह रहा था। वह रामपुर में ही एक कपड़े की दुकान पर काम करता था। पवन तीन भाइयों में बीच का था। उसके पिता की मौत हो चुकी है, जबकि उसकी मां और दोनों भाई दिल्ली में रहते हैं।
बुधवार को पवन दुकान से काम करने के बाद घर लौटा और सीधे अपने कमरे में चला गया। काफी देर तक उसके कमरे से बाहर नहीं आने पर परिवार के लोग उसे देखने पहुंचे। दरवाजा खोलकर अंदर देखा तो पवन पंखे से फंदे के सहारे लटका मिला। इसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एएसपी अनुराग सिंह के अनुसार युवक ने फंदा लगाया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत का कारण हैंगिंग आया है। युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। परिजनों ने किसी तरह का आरोप नहीं लगाया है, फिर भी मामले की जांच की जा रही है।