शाहबाद। कोतवाली के धुरियाई गांव में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के बाहर बिलारी-शाहबाद स्टेट हाईवे पर मोड़ के पास खंती में एक अधेड़ का शव पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान धुरियाई निवासी भागीरथ (45) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार भागीरथ शनिवार दोपहर से घर से लापता थे। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर उनकी तलाश भी की गई थी, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। रविवार तड़के सड़क पर आवागमन शुरू होने के दौरान राहगीरों ने खंती में शव पड़ा देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी।
शव मिलने की खबर गांव में फैलते ही मौके पर परिजन और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तो सड़क और खंती में खून के निशान मिले। वहीं, घटनास्थल से बाइक के टूटे हुए पुर्जे भी बरामद हुए हैं। मृतक के शरीर पर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे सड़क हादसे की आशंका जताई जा रही है। सीओ देवकीनंदन ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। घटनास्थल से मिले साक्ष्य भी इसी ओर इशारा कर रहे हैं। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।