रामपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र में बीकॉम की एक छात्रा फंदे पर झूल गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, छात्रा परिजनों के साथ वैष्णो देवी दर्शन कर मंगलवार की रात में ही लौटी थी। बृहस्पतिवार को उसका पेपर था। बुधवार सुबह देर तक कमरे से बाहर न निकलने पर परिजनों ने जाकर देखा तो छात्रा का शव फंदे पर लटक रहा था।
मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला महल सराय का है। यहां रहने वाले नरेंद्र प्रताप सिंह चौहान सहकारिता विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। उनकी बेटी दीप्ति चौहान बीकॉम की छात्रा थी और रजा डिग्री कालेज में पढ़ रही थी।
बताया गया कि नरेंद्र प्रताप सिंह कुछ रिश्तेदारों के साथ वैष्णो देवी गए हुए थे और दीप्ति भी उनके साथ गई थी। सभी लोग यात्रा कर मंगलवार रात को वापस आए थे, जिसके बाद सभी सोने चले गए। बुधवार सुबह काफी देर तक दीप्ति कमरे से बाहर नहीं निकली तो परिजन उसके कमरे में पहुंचे। दरवाजा खटखटाने पर भी नहीं खुला तो किसी तरह दरवाजा खोला गया। अंदर का दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए।
सूचना मिलने पर शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शहर कोतवाली के अपराध निरीक्षक श्याम सिंह ने बताया कि मामले में पूछताछ की जा रही है। आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मोबाइल फोन सहित अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।