रामपुर। भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की ओर से संचालित कन्या विवाह सहायता योजना में महत्वपूर्ण संशोधन किए गए हैं। अब श्रमिक का कम से कम एक वर्ष पुराना पंजीकरण होना आवश्यक है और आवेदन के समय पंजीकरण नवीनीकरण होना चाहिए। चार वर्ष या अधिक समय से नवीनीकरण न कराने वाले श्रमिकों को 15 नवंबर तक नवीनीकरण कराना होगा।
योजना के तहत सामान्य विवाह पर 65 हजार रुपये, अंतर जातीय विवाह पर 75 हजार रुपये और सामूहिक विवाह में 85 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। सामूहिक विवाह आयोजन पर 15 हजार रुपये प्रति जोड़े के हिसाब से अतिरिक्त सहायता मिलेगी।
योजना का लाभ प्रत्येक श्रमिक की अधिकतम दो पुत्रियों के लिए ही उपलब्ध होगा। विवाह के छह माह के भीतर upbocw.in पर आवेदन किया जा सकता है। सहायक श्रमायुक्त राजकुमार ने बताया कि बोर्ड ने चार वर्ष या अधिक समय से नवीनीकरण न कराने वाले श्रमिकों को 15 नवंबर तक अपना पंजीकरण नवीनीकृत कराने का निर्देश दिया है, अन्यथा उनके कार्ड स्वतः निष्क्रिय कर दिए जाएंगे।