रविवार इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। तपते सूरज ने दिन निकलते ही लोगों का पसीना बहाना शुरू कर दिया था। दोपहर तक गरमी असहनीय हो गई थी। शाम को भी बहुत राहत नहीं मिली थी। बीते दिन का न्यूनतम तापमान 27 डिग्री दर्ज किया गया।
पंखे और कूलर भी गर्म हवा फेंक रहे थे। लोगों की बेचैनी बढ़ गई। 16 मई को मौसम का मिजाज बदलने की संभावना जताई गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के विशेषज्ञों के मुताबिक इस दिन गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं।
विज्ञापन
दिन निकलने के साथ सूरज की किरणें सिर्फ रोशनी नहीं दे रहीं है बल्कि झुलसा रही हैं। दिनों दिन तापमान लगातार बढ़ रहा है। रविवार को तापमान ने पिछले सभी दिनों का रिकार्ड तोड़ दिया और तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। पूरी दोपहर उबलती रही। मौसम की इस तपिश ने लोगों को झुलसा कर रख दिया। दोपहर में तेज धूप और आग उगलते मौसम में बाइक सवारों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।
धूप की तेजी ने आंखों में जलन पैदा कर दी तो पूरे शरीर में झुलसने सी तपिश महसूस हो रही थी। दोपहर 12 बजे से शाम 5 तक सड़क पर दोपहिया वाहन से चलना दूभर हो गया। आने वाले दिनों में भी गर्मी का सितम यूं ही बरकरार रहने की आशंका है।