मिलकखानम। दूसरे समुदाय के युवक के साथ मिली एक किशोरी को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने उत्तराखंड के गदरपुर में पकड़कर थाना मिलकखानम पुलिस के हवाले कर दिया। किशोरी के परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
थाना मिलकखानम क्षेत्र के एक गांव निवासी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी सबसे छोटी बेटी करीब 16 वर्ष की है और कक्षा 10 की छात्रा है। आरोप है कि 1 जुलाई को गांव का ही दूसरे समुदाय का एक युवक उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। बाद में जानकारी मिली कि आरोपी काफी समय से किशोरी के संपर्क में था।
मंगलवार को सूचना मिली कि किशोरी उत्तराखंड के गदरपुर में युवक के साथ है। इस पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने दोनों को पकड़कर थाना मिलकखानम पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद किशोरी के पिता ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को तहरीर दी।
सीओ सोनम सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। किशोरी के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। युवक से पूछताछ की जा रही है।