शाहबाद (रामपुर)। गांव बहोरनपुर में घर की लिपाई के लिए तालाब से मिट्टी खोदने गए बच्चों के ऊपर अचानक मिट्टी की ढांग गिर गई। हादसे में गांव निवासी श्याम की बेटी पलक (13) की मौत हो गई, जबकि कई अन्य बच्चे घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए शाहबाद सीएचसी में भर्ती कराया है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
रामपुर सीमा से सटे संभल के गांव बहोरनपुर निवासी श्याम सिंह की बेटी पलक शनिवार को गांव के अन्य बच्चों के साथ घर से करीब 100 मीटर दूर स्थित तालाब पर मिट्टी खोदने गई थी। शनिवार शाम करीब चार बजे घर की लिपाई के लिए बच्चे तालाब से मिट्टी निकाल रहे थे। इसी दौरान अचानक मिट्टी की ढांग भरभराकर बच्चों के ऊपर गिर गई। हादसे में पलक समेत कई बच्चे मिट्टी में दब गए। अचानक हुए हादसे से मौके पर चीख-पुकार मच गई। अन्य बच्चों ने किसी तरह घटना की जानकारी पलक के परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और मिट्टी में दबी पलक को बाहर निकालकर तत्काल सीएचसी शाहबाद ले आए। किशोरी के भाई कमल गुप्त मौर्य ने बताया कि मिट्टी खोदते समय हादसा हुआ है। वहीं सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरके चंदेल ने कहा कि परिजन किशोरी को मृत अवस्था में अस्पताल लाए थे और मिट्टी खोदते समय ढांग गिरने की बात कही थी।