रामपुर। दहेज के लिए पत्नी को तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। विवाहिता के विरोध करने पर ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट भी की। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मामला अजीमनगर थाना क्षेत्र के एक गांव का है। गांव निवासी परवीन की शादी स्वार क्षेत्र के असालतपुर गांव के शकील के साथ हुई थी। आरोप है कि ससुराल वाले विवाहिता से दहेज की मांग करते थे। विवाहिता ने अपने घर वालों की आर्थिक स्थिति का हवाला देते विरोध किया। विवाहिता के विरोध करने पर ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट की और तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। पीड़िता ने पूरा माजरा अपने मायके वालों को बताया तो उनके होश उड़ गए। पुलिस ने पति शकील समेत पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीओ स्वार धर्म सिंह मार्छाल ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। विवेचना में यदि महिला को तीन तलाक देने के सबूत हासिल होते हैं, तो आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ चार्जशीट दाखिल की जाएगी।