रामपुर। लोकसभा चुनाव में प्रत्याशियों के खर्चे पर निगाह रखने के लिए गठित टीमों को सक्रिय कर दिया गया है। डीएम व जिला निर्वाचन अधिकारी जोगिंदर सिंह ने कहा कि टीम से जुड़े सभी सदस्य गंभीरता के साथ प्रत्याशियों की हर गतिविधियों पर नजर रखेंगे। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही न करें।प्रत्याशियों के व्यय पर नजर रखने वाली टीमों के साथ बैठक कर डीएम ने बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित गाइडलाइन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि प्रत्येक टीम भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित गाइडलाइन के अनुरूप अपने दायित्वों का निर्वहन करेगी। यदि किसी स्तर पर संशय की स्थिति उत्पन्न होती है तो उसके संबंध में दिशा निर्देशों का अध्ययन करने के उपरांत कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन अवधि में समय की पाबंदी का काफी महत्व है इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और समय पाबंदी का ध्यान रखते हुए हर कार्रवाई समय से होनी चाहिए। कहा कि यदि किसी ने लापरवाही की तो कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी हेम सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन लालता प्रसाद शाक्य, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अभिनव जे जैन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
-
पहले चरण का प्रशिक्षण 27 मार्च से होगा
चुनाव को संपन्न कराने के लिए लगाए गए कर्मियों को प्रशिक्षण देने का कार्यक्रम निर्धारित कर दिया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी जोगिंदर सिंह ने बताया कि चुनाव के लिए मतदान कार्मिकों का प्रथम चरण का प्रशिक्षण 27 मार्च से शुरू होगा। यह प्रशिक्षण 29 मार्च तक चलेगा व द्वितीय चरण का प्रशिक्षण पांच अप्रैल से 9 अप्रैल तक दयावती मोदी एकेडमी में दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रथम प्रशिक्षण की प्रथम पाली सुबह 9 बजे से 11 बजे तक, द्वितीय पाली 12 बजे से 2 बजे तक और तृतीय पाली अपराह्न तीन बजे से पांच तक होगी।
धरना प्रदर्शन पर लगी रोक, धारा 144 लागू
लोकसभा चुनाव व त्योहारों को देखते हुए प्रशासन ने जिले भर में एक बार फिर धारा-144 लागू कर दी है। अपर जिलाधिकारी प्रशासन लालता प्रसाद शाक्य के अनुसार चुनाव व त्योहारों को देखते हुए जिले भर में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। 24 अप्रैल तक लागू होने वाली निषेधाज्ञा के तहत धरना प्रदर्शन, जुलूस पर रोक रहेगी। इसके तहत पांच से ज्यादा लोग सार्वजनिक स्थान पर एकत्र नहीं होंगे। उन्होंने इस आदेश का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए हैं।