मिलक सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक राजबाला ने कहा कि जिले में कुछ अफसर अब भी भ्रष्टाचार की दलदल में फंसे हुए हैं। ऐसे अफसर सरकार की छवि को खराब कर रहे हैं। इन अफसरों को अब सुधरना होगा, नहीं तो इनके खिलाफ कार्रवाई करवाई कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि भ्रष्ट अफसरों के चिन्हीकरण के लिए उन्होंने पांच-पांच कार्यकर्ताओं की टीम लगाई है। भ्रष्टाचार में लिप्त पाए जाने वाले अफसरों को जेल भिजवाने की कार्रवाई की जाएगी।
भाजपा विधायक राजबाला ने शुक्रवार को कैंप कार्यालय पर प्रेस वार्ता में कहा कि प्रदेश में योगी सरकार है जोकि सिर्फ और सिर्फ जनता के हितों और गरीबों के विकास के लिए कार्य कर रही है। इसके बावजूद कुछ अफसर सरकार की छवि को खराब करने के लिए अभी भी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। थाने, तहसील, ब्लॉक हर सरकारी संस्थान से शिकायतें मिल रहीं हैं। इसलिए ऐसे भ्रष्टाचार में लिप्त अफसरों को चिन्हित करने के लिए हर विभाग में पांच-पांच कार्यकर्ताओं की टीम निगरानी करेगी। जो भ्रष्ट अफसरों के बारे में अवगत कराएंगी। जिसके बाद इन भ्रष्ट अफसरों के खिलाफ मुख्यमंत्री स्तर से कार्रवाई कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश और केंद्र सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और महिलाओं के उत्थान से जुड़ी योजनाओं को धरातल पर लाने के लिए वह खुद गांव-गांव भ्रमण करेंगी। प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी अभय गुप्ता, दिलीप लोधी मौजूद रहे।