राजस्व विभाग की ओर से 13 सितंबर को कराई गई लेखपाल भर्ती परीक्षा का पारिश्रमिक अभी तक नहीं दिया है, जबकि अब चकबंदी लेखपाल भर्ती परीक्षा नजदीक आ गई है। पारिश्रमिक ने मिलने से नाराज परीक्षा केंद्रों के प्रधानाचार्यों ने चकबंदी लेखपाल भर्ती परीक्षा के बहिष्कार की चेतावनी दी है।
कहा कि यदि पूर्व में कराई गई परीक्षा का पारिश्रमिक नहीं दिलाया गया तो आठ नवंबर की परीक्षा का बहिष्कार किया जाएगा। 13 सितंबर को प्रदेश के सभी जिलों में लेखपाल भर्ती की परीक्षा का आयोजन किया गया था। परीक्षा तो करा ली गई, लेकिन परीक्षा ड्यूटी में लगाए गए शिक्षकों और प्रधानाचार्यों को पारिश्रमिक का भुगतान नहीं किया।
इस बीच प्रशासन आठ नवंबर को चकबंदी लेखपाल की परीक्षा कराने की तैयारी कर रहा है। इस बीच विभिन्न कालेज के प्रधानाचार्य पारिश्रमिक न दिए जाने से नाराज हैं। इस मुद्दे पर आठ तारीख की परीक्षा के बहिष्कार की चेतावनी दी है। प्रधानाचार्यों का शिष्टमंडल गुरुवार को एडीएम से मिला और उन्होंने इसको लेकर ज्ञापन दिया।
कहा कि 13 सिंतबर को परीक्षा कराई गई थी, लेकिन इसका पारिश्रमिक नहीं दिया गया है। पूर्व में कराई गई परीक्षा का पारिश्रमिक नहीं दिया गया तो आठ नवंबर को प्रस्तावित परीक्षा का बहिष्कार किया जाएगा। इस मौके पर सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज के प्रधानाचार्य जितेंद्र सिंह चौहान, रामलीला इंटर कालेज के प्रधानाचार्य कमल कुमार आर्य रहे।