फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

स्कूल नहीं पहुंचे शिक्षक, तीन सस्पेंड

Sat, 30 Jan 2016 11:41 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो/रामपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
हेल्पलाइन पर आने वाली शिक्षकों के गैरहाजिर रहने की शिकायतों में अब तेजी आने लगी है। हेल्पलाइन की शिकायत के आधार पर तीन शिक्षकों पर गाज गिर गई है, जबकि दो शिक्षकों का वेतन काट दिया गया है। इसके अलावा अन्य को चेतावनी जारी की गई है।
विज्ञापन



प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से हेल्पलाइन शुरू की गई है। इसके माध्यम से कोई भी अभिभावक स्कूल में व्याप्त अव्यवस्थाओं के साथ ही शिक्षकों के गैरहाजिर रहने की शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शुक्रवार को हेल्पलाइन की शिकायत के आधार पर बीएसए ने कई शिक्षकों पर कार्रवाई का डंडा चलाया था।


शनिवार को भी हेल्पलाइन पर शिकायत पहुंची तो विभागीय अफसर एक्टिव हो गए। शनिवार को हेल्पलाइन पर सूचना दी गई कि स्वार क्षेत्र के शादीनगर गांव के प्राथमिक स्कूल में शिक्षक गैरहाजिर हैं। शिकायत ये भी थी कि वो शुक्रवार को भी स्कूल नहीं पहुंचे थे।
विज्ञापन



बीएसए के आदेश पर स्वार के खंड शिक्षाधिकारी ने स्कूल में छापा मारा तो शिकायत ठीक मिली। खंड शिक्षाधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर बीएसए ने शिक्षक विपिन कुमार को सस्पेंड कर दिया। खंड शिक्षाधिकारी ने शिवपुरी गांव के प्राथमिक स्कूल का भी निरीक्षण किया तो पता चला की शिक्षिका ममता दो दिन से स्कूल नहीं पहुंची हैं।


बीएसए ने इनको भी सस्पेंड कर दिया। इसी क्षेत्र के हरनगला जूनियर हाईस्कूल में भी छापा मारा गया यहां स्कूल बंद पाया गया। यहां तैनात हेडमास्टर विजय सिंह को सस्पेंड कर दिया गया। शिक्षिका सुमन रानी और अनुभवा का वेतन काटने के आदेश दिए गए हैं।


बीएसए एसके तिवारी ने बताया कि हेल्पलाइन नंबर 0595-2354446 पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। बीएसए एसके तिवारी ने स्वार क्षेत्र के मुरसैना गांव के प्राथमिक स्कूल का निरीक्षण किया। यहां पर स्कूल की छत और परिसर में उपले मिले। उपले मिलने पर बीएसए ने नाराजगी जाहिर की।


स्कूल की हेडमास्टर प्रवेश कुमारी को नोटिस जारी करते हुए उपले थोपने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए हैं। हेडमास्टर को विभागीय कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। बीएसए ने जूनियर हाईस्कूल के पास लगे गंदगी के ढेर को हटवाने और रसोइयों को भी स्वच्छता बनाए रखने के नोटिस जारी किए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें