रामपुर। सभी उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार एवं आदर्श आचार संहिता को प्रभावी तरीके से लागू कराने के लिए तैनात किए गए अधिकारी नियमित रूप से चेंकिंग अभियान के साथ ही शान्ति व्यवस्था को प्रभावित करने वालों के विरूद्ध कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित कराएं।
जिला निर्वाचन अधिकारी आन्जनेय कुमार सिंह, सामान्य प्रेक्षक डॉ. संजय सिन्हा एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. अजय पाल की उपस्थिति में विधान सभा उप चुनाव के प्रत्याशियों एवं उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी एवं तहसीलदारों के साथ आयोजित बैठक में यह निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन के दौरान विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रत्याशियों को जनसभा एवं प्रचार-प्रसार के दौरान आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करना होगा। साथ ही जनसभा के लिए अनुमति अनिवार्य रूप से लेनी होगी। सर्वजनिक सम्पत्तियों पर प्रचार सामग्री की स्थापना को प्रतिबन्धित किया गया है। साथ ही निजी भवनों पर प्रचार प्रसार हेतु होर्डिग, फ्लैक्सी या अन्य प्रचार सामग्री स्थापित कराने से पूर्व भवन स्वामी से अनापत्ति प्रमाण-पत्र भी लेना होगा। इसके अलावा प्रचार-प्रसार के दौरान प्लास्टिक का प्रयोग नहीं होना चाहिए। पुलिस अधीक्षक डॉ. अजयपाल ने कहा कि सभी पुलिस अधिकारी अपने क्षेत्रों में पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहने वालें लोगों पर कड़ी निगरानी रखें तथा किसी भी रूप में शान्तिभंग करने का प्रयास करने वालों के विरूद्ध कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित करें।