जिले में स्वाइन फ्लू संक्रमित महिला की मौत की सूचना से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। आनन-फानन में शनिवार को एसीएमओ के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम मिलक पहुंची। टीम पूरे दिन पीड़ित महिला का घर तलाशती रही, लेकिन सफलता नहीं मिली। अब स्वास्थ्य अधिकारी बरेली के निजी मेडिकल कालेज से संपर्क कर परिजनों की ओर से दर्ज की गई डिटेल से मोबाइल नंबर हासिल करने का प्रयास कर रहे हैं।
मिलक निवासी महिला की स्वाइन फ्लू की चपेट में आकर मौत की सूचना ने स्वास्थ्य अधिकारियों को भी एक्टिव कर दिया है। स्वाइन फ्लू से मौत पर एसीएमओ डा. एमसी गर्ग के नेतृत्व में एक टीम शनिवार को मिलक पहुंची। एसीएमओ डा. एमसी गर्ग ने बताया कि पीड़ित महिला का पता मंडी समिति के निकट बताया गया था।
इस पते पर ऐसी किसी भी महिला के होने की पुष्टि नहीं हुई। मंडी समिति के आसपास टीम ने रोरा कलां, बशीरनगर समेत कई मोहल्लों में पूछताछ कर महिला की जानकारी जुटानी की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। शाम को टीम खाली हाथ ही वापस आ गई।
एसीएमओ ने बताया कि अब बरेली के जिस निजी अस्पताल में महिला का उपचार कर जांच कराई थी उसके प्रशासन से संपर्क किया जा रहा है। अस्पताल प्रशासन से महिला के परिजनों का यदि मोबाइल नंबर मिलता है तो उस पर संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी एकत्र कर शासन को भेजी जाएगी।