स्वार विधायक अब्दुल्ला आजम कोर्ट में पेश, सुनवाई टली
दो जन्म प्रमाणपत्र और दो पैनकार्ड के मामले में थी कोर्ट में सुनवाई
रामपुर। सपा नेता आजम खां के बेटे एवं स्वार सीट से विधायक अब्दुल्ला आजम के दो पैनकार्ड और दो जन्म प्रमाणपत्र मामले में मंगलवार को कोर्ट में सुनवाई हुई। इस दौरान अब्दुल्ला आजम कोर्ट में पेश हुए। एक मुकदमे के गवाह बीमार हो गए और दूसरे मुकदमे के गवाह मूल दस्तावेज नहीं ला सके। इसलिए गवाही नहीं हो सकी और सुनवाई टल गई। अब जन्म प्रमाणपत्र के मामले में 22 जुलाई और पैनकार्ड के मामले में 26 जुलाई को सुनवाई होगी।
अब्दुल्ला आजम के दो जन्म प्रमाणपत्र मामले में भाजपा नेता आकाश सक्सेना ने गंज थाने में साल 2019 में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले में अब्दुल्ला आजम के पिता एवं शहर विधानसभा सीट से सपा विधायक आजम खां व अब्दुल्ला आजम की मां पूर्व विधायक डॉ. तजीन फात्मा भी आरोपी हैं। अब्दुल्ला आजम के दो पैनकार्ड के मामले में अब्दुल्ला आजम और आजम खां आरोपी हैं। इन मामलों में तीनों की जमानत मंजूर हो चुकी है।
इस मामले की सुनवाई एमपी-एमएलए कोर्ट (मजिस्ट्रेट ट्रायल) में चल रही है। मंगलवार को इस मामले की कोर्ट में सुनवाई हुई। अब्दुल्ला आजम सुनवाई के दौरान कोर्ट में उपस्थित रहे। जन्म प्रमाणपत्र के मामले में गवाह के बीमार होने के कारण सुनवाई नहीं हो सकी। पैनकार्ड के मामले में गवाह राजेश सिंह कोर्ट में उपस्थित हुए, लेकिन मूल दस्तावेज न होने के कारण सुनवाई नहीं हो सकी।
अब जन्म प्रमाणपत्र के मामले में 22 जुलाई और पैनकार्ड के मामले में 26 जुलाई को सुनवाई होगी।