रामपुर। गर्मियों के तेवर बढ़ने के साथ ही जिले में परिषदीय और माध्यमिक विद्यालयों में ग्रीष्मकालीन अवकाश शुरू हो गया। इसके साथ ही मान्यता प्राप्त स्कूलों में समर कैंप के जरिये बच्चों की प्रतिभाओं को निखारने का काम शुरू कर दिया गया है। अब स्कूल 18 जून को खुलेंगे।हालांकि इससे पहले तमाम स्कूलों में शनिवार से ही अवकाश घोषित कर दिया गया था, लेकिन सोमवार को जिले के सभी परिषदीय और माध्यमिक विद्यालयों में अवकाश घोषित हो गया। गर्मियों की छुट्टियां होने के बाद मान्यता प्राप्त स्कूलों के साथ ही अंग्रेजी मीडियम स्कूलों में समर कैंप का भी आयोजन शुरू कर दिया गया है। इसके जरिये बच्चों से विभिन्न गतिविधियां कराकर उनकी प्रतिभा को निखारने की कोशिश हो रही है।
बीएसए संजीव कुमार ने बताया कि ग्रीष्म अवकाश शुरू हो चुके हैं। अब 18 जून को फिर से परिषदीय स्कूल खोले जाएंगे। इसके लिए सभी स्कूलों को निर्देश दिया गया है।
-
गर्मी के चलते आंगनबाड़ी केंद्र 15 जून तक बंद
रामपुर। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित परिषदीय स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किए जाने के बाद अब इन स्कूलों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों में भी अवकाश घोषित किया गया है। आंगनबाड़ी केंद्रों को भी 15 जून के बाद खोलने का फैसला लिया गया है। जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेंद्र कुमार जायसवाल ने बताया कि जिले के अधिकतर आंगनबाड़ी केंद्र परिषदीय स्कूलों के परिसर में ही संचालित हैं, जहां आंगनबाड़ी वर्कर 3-6 आयु वर्ग के बच्चों को शिक्षा प्रदान करतीं हैं। उन्होंने बताया कि भीषण गर्मी व लू के चलते डीएम जोगिंदर सिंह ने 15 जून तक आंगनबाड़ी केंद्रों पर अवकाश घोषित करने के निर्देश दिए हैं। हालांकि आंगनबाड़ी वर्कर उपस्थित होकर अन्य सेवाएं जैसे ड्राई राशन वितरण, टीकाकरण, स्वास्थ्य जांच, गृह भ्रमण, सामुदायिक गतिविधि का काम करेंगी।