रामपुर। लॉकडाउन के दौरान लोगों को राहत देते हुए जिलाधिकारी ने चीनी के दाम भी निर्धारित कर दिए हैं। इसमें ग्राहकों को अब 35 से 36 रुपये प्रति किलोग्राम चीनी मिलेगी। जबकि, इससे पहले 40 से 42 रुपये प्रति किलोग्राम तक चीनी मिल रही थी। डीएम के इस निर्णय से ग्राहकों को लाभ होगा।
प्रशासन की ओर से लॉकडाउन में जरूरी खाद्य पदार्थों के दामों को निर्धारित कर दिया गया है। इसके लिए पहले तो डीएम ने आटे के दाम तय किए, जिसमें सोमवार को फिर से कटौती की गई थी। लेकिन, लोगों को चीनी बहुत महंगी मिल रही थी। खुदरा दुकानदार 40 रुपये से लेकर 42 रुपये प्रति किलोग्राम तक चीनी बिक रही थी। कई दुकानदार तो लॉकडाउन का फायदा उठाने की वजह से चीनी और महंगी भी बेच रहे थे, जिसको लेकर जिलाधिकारी तक तमाम शिकायतें आ रहीं थीं। ऐसे में अब जिलाधिकारी आंजनेय कुमार सिंह ने चीनी के दाम भी निर्धारित कर दिए हैं। उन्होंने बताया कि खुदरा बाजार में चीनी 35 से 36 रुपये प्रति किलो के हिसाब से मिला करेगी, जबकि थोक बाजार में चीनी की कीमत 34 रुपये निर्धारित है। यदि बाजार में 35 से 36 रुपये प्रति किलो से ज्यादा चीनी बिकती हुई पाई जाती है तो दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।