रामपुर। तीन मई तक लॉकडाउन बढ़ने का ऐलान होते ही रामपुर के अफसरों से लेकर पुलिस तक सतर्क हो गई। जगह जगह चेकिंग और सख्त कर दी। लोगों को घरों से बाहर न निकलने की अपील की गई। जिलाधिकारी ने भी लोगों से कहा है कि लॉकडाउन के दौरान जिस तरह से रामपुर के लोगों ने अब तक सहयोग किया है उसी तरह से आगे भी सहयोग करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी को भी किसी भी तरह की दिक्कत नहीं होने दी जाएगी।
कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को देश को संबोधित करते हुए तीन मई तक लॉकडाउन बढ़ाने का ऐलान कर दिया। लिहाजा, इसके साथ ही रामपुर का पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह से एक्टिव हो गया। मंगलवार को प्रधानमंत्री के ऐलान के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था औा चाक चौबंद कर दी। सबसे पहले मेन रोड पर निकलने वाली मुहल्लों की गलियां सील की गईं, जबकि सड़कों पर निकलने वाले वाहन चालकों की भी चेकिंग की। जिले के बार्डर एरिया पर भी पुलिस मुस्तैदी से कार्य करती नजर आई। जिलाधिकारी आन्जनेय कुमार सिंह ने बताया कि लॉकडाउन में अब तक लोगों ने अच्छा सहयोग किया है, लेकिन ये सहयोग आगे भी जारी रहना चाहिए। लोगों की दिक्कतों को हम समझ रहे हैं इसी वजह से लोगों को घर बैठे हर चीज उपलब्ध कराई जा रही है। इसके साथ अब तक चश्में, बिजली, प्लम्बिंग आदि कामकाज की व्यवस्था भी की जा रही है। लोगों को घर बैठे ही किताबें भी उपलब्ध कराई जाएंगी, लेकिन किसी भी कीमत पर लोग घरों से बाहर न निकलें। उन्होंने सलाह भी दी कि कोई भी सामान घर आए तो उसे पहले सैनिटाइज करें, जिसके बाद ही प्रयोग करें।