रामपुर। भारतीय बौद्ध महासभा की युवा और बाल विकास समिति द्वारा आयोजित डॉ. आंबेडकर सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में जिले के छात्र-छात्राओं ने ज्ञान और समझदारी का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। यह प्रतियोगिता जिले के छह परीक्षा केंद्रों पर एक साथ आयोजित की गई, जिसमें कुल 750 से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता दो वर्गों में आयोजित की गई थी जूनियर वर्ग में कक्षा छह से आठ तक और सीनियर वर्ग में कक्षा नाै से 12 तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया। जूनियर वर्ग में शिव हरि जूनियर हाई स्कूल, बेनजीर अलीगंज के छात्र आयुष ने सर्वाधिक अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बिलासपुर के सर्व संस्कृति स्कूल की छात्राओं ने द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल किया।
वहीं, सीनियर वर्ग में खेमपुर के मुगल आजम खान ने श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान पाया, जबकि खारी कुआं और बिलासपुर के प्रतिभागियों ने अन्य शीर्ष स्थान प्राप्त किए।
प्रतियोगिता में कई ऐसे प्रतिभागी भी सामने आए, जिन्होंने अपनी मेहनत और लगन से अलग पहचान बनाई और सांत्वना पुरस्कार के पात्र बने। आयोजकों का कहना है कि बच्चों में सामान्य ज्ञान के प्रति जागरूकता और रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से इस तरह की प्रतियोगिताएं समय-समय पर आयोजित की जाती रहेंगी।
जनपद स्तर पर श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 20 विद्यार्थियों और शिक्षा क्षेत्र में विशेष योगदान देने वाले 15 शिक्षकों को 25 मई को बुद्ध विहार में आयोजित होने वाले पुरस्कार वितरण समारोह में सम्मानित किया जाएगा। यह समारोह सुबह 10 बजे से प्रारंभ होगा, जिसमें जिले के कई शिक्षाविद्, समाजसेवी और अधिकारी भी शामिल होंगे।