शाहबाद के अनवा गांव की घटना, मामले में हुआ समझौता
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहबाद। गणतंत्र दिवस के मौके राजकीय इंटर कॉलेज अनवा में चल रहे कार्यक्रम में इसी कॉलेज के कुछ छात्र बाबा साहब का चित्र छपा नीला झंडा लेकर पहुंच गए। इस झंडे को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि कॉलेज के अध्यापक और छात्र कोतवाली पहुंच गए। बाद में छात्रों ने अपनी गलती मानते हुए समझौता कर लिया।
गणतंत्र दिवस के मौके पर कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के कुछ छात्र नीले रंग का झंडा लेकर पहुंचे, उस पर बाबा साहब की तस्वीर छपी हुई थी। इस झंडे को लाने का कॉलेज के अध्यापक ने विरोध किया और आपत्ति जताई। छात्रों का आरोप है कि अध्यापक ने कॉलेज में घुसने नहीं दिया। दूसरी ओर अध्यापक ने बताया कि उन पर लगाए गए आरोप निराधार हैं। मामला इतना बिगड़ गया कि छात्र और कॉलेज के अध्यापक कोतवाली आ पहुंचे। सूचना के बाद कॉलेज के कार्यवाहक प्रधानाचार्य देवेश कुमार कोतवाली पहुंच गए। यहां अध्यापकों और छात्रों के बीच समझौता हो गया।
मैं मौके पर नहीं था लेकिन बताया गया कि कुछ बच्चे नीले रंग का झंडा कॉलेज ले आए थे और दूसरे बच्चों के हाथों में झंडा देने लगे। कानूनी कार्रवाई नहीं की है, छात्रों ने गलती भी मान ली थी। अब समझौता हो गया है। -देवेश कुमार, कार्यवाहक प्रधानाचार्य