शहर के चर्चित हत्याकांड में कोर्ट ने सुनाई दोषियों को सजा, पीड़ित परिवार को दी जाएगी जुर्माने की आधी राशि
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर। शहर के चर्चित पायल हत्याकांड में मंगलवार को कोर्ट ने इस मामले दोषी ठहराए गए पिता-पुत्र समेत छह लोगों को उम्रकैद की सजा सुनाई है। कोर्ट ने सभी आरोपियों पर 35-35 हजार रुपये जुर्माना भी लगाया है। जुर्माने की आधी राशि पीड़ित परिवार को दी जाएगी।
पायल हत्याकांड का यह मामला गंज क्षेत्र का है। मोहल्ला दरख्त कैथ हमाम वाली गली निवासी शाहनवाज की बेटी जैनब उर्फ पायल पहली नवंबर 2018 की शाम को लापता हो गई थी। उसके भाई राहिल ने शहर कोतवाली के मोहल्ला कुंडा निवासी ताहिर खां के बेटे जहांगीर, उसके दोस्त इमरोज निवासी वेलकम होटल वाली गली और प्रभजीत सिंह उर्फ सागर निवासी मुहल्ला हाथीखाना पर बहन के अपहरण का आरोप लगाते हुए मुकदमा कराया था।
पुलिस ने 27 नवंबर 2018 की रात को पुलिस ने कोसी नदी किनारे स्थित फार्म हाउस से पायल की लाश बरामद की थी। हत्या कर लाश को तीन टुकड़ों में काटकर जमीन में दबा रखा था। यह मामला कोर्ट में विचाराधीन है। इस प्रकरण में दोनों पक्षों की बहस पूरी हो गई है।
पिछले दिनों कोर्ट ने पिता-पुत्र समेत छह लोगों को दोषी करार दिया था। मंगलवार को इस मामले में सुनवाई हुई। एडीजीसी प्रताप सिंह मौर्य के अनुसार इस मामले में एडीजे प्रथम अजय कुमार दीक्षित ने मुख्य आरोपी जहांगीर व उसके पिता ताहिर खां, इमरोज खां, नासिर, दानिश और परमजीत सागर को उम्रकैद व 35-35 हजार रुपये का जुर्माना अदा करने की सजा सुनाई है। बताया कि कोर्ट ने इस मामले में जुर्माने की आधी धनराशि पीड़ित परिवार को देने के आदेश दिए हैं।
-
अपहरण के बाद पायल को कुल्हाड़ी से तीन हिस्सों में काट दिया था
कोसी नदी के पास स्थित फार्म हाउस में मिली थी लाश
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर। पायल का अपहरण कर उसे कोसी नदी स्थित फार्म हाउस पर लाया गया, जहां कुल्हाड़ी से तीन हिस्सों में काटा गया। साथ ही उसे गड्ढे में खोदकर दबा दिया गया। पुलिस ने पड़ताल के दौरान पायल के शव को तीन टुकड़ों में बरामद किया।
पायल की हत्या का यह मामला वर्ष 2018 का है। पायल के भाई राहिल खां की ओर से बहन पायल के गायब होने के साथ ही हत्या की आशंका जताते हुए कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस की पुलिस की पड़ताल से पता चला था कि युवती का रिश्ता जहांगीर से तय हो गया था। बाद में उन्होंने रिश्ता तोड़ दिया और दूसरी जगह शादी तय कर दी।
आरोप है कि युवक उससे ही शादी करना चाहता था। आरोप है कि युवती को फार्म हाउस पर बुलाकर उसकी हत्या कर दी। उसने हत्या की बात कुछ लोगों को बता दी थी। 27 नवंबर 2018 की रात को पुलिस ने कोसी नदी किनारे स्थित फार्म हाउस से पायल की लाश बरामद की थी। हत्या कर लाश को तीन टुकड़ों में काटकर जमीन में दबा रखा था। पुलिस की पड़ताल के बाद इस मामले का खुलासा हुआ और मामले की चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की।
-
अभियोजन ने की मृत्युदंड की पैरवी
रामपुर। कोर्ट में सजा के प्रश्न पर मामले की सुनवाई की गई। सुनवाई के दौरान अभियोजन की सहायक शासकीय अधिवक्ता प्रताप मौर्य की ओर से दलील दी गई कि पायल का अपहरण कर उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। उसके कुल्हाड़ी से टुकड़े किए गए। सुबूत मिटाने के लिहाज से पायल के शव के टुकड़ों को गड्डे में दबा दिया गया। यह एक गंभीर अपराध है और बिरलों में बिरला अपराध की श्रेणी में आता है। इसलिए दोषियों को मृत्यु दंड दिया जाए। संवाद
13 गवाहों के जरिये 44 पेजों में आया फैसला
रामपुर। 2018 में हुए इस हत्याकांड में अभियोजन की ओर से मजबूत गवाहों को पेश किया गया। इस दौरान 13 गवाहों को अभियोजन की ओर से पेश किया गया। सहायक शासकीय अधिवक्ता प्रताप सिंह मौर्य के अनुसार 13 गवाहों को कोर्ट में पेश किया गया था साथ ही 44 पेज में इस मुकदमे का फैसला आया। संवाद
-
चेहरे पर मुस्कान और हाथ हिलाते हुए जेल गए दोषी
रामपुर। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने सभी को जेल भेज दिया। जेल भेजे जाने के दौरान सभी दोषी हाथ हिलाते हुए चेहरे पर मुस्कान बिखेरे हुए कोर्ट रूम से बाहर निकले और पुलिस की गाड़ी में बैठकर जेल चले गए। उनके चेहरे पर कोई पछतावा नहीं दिख रहा था। संवाद
भाई बोला- आठ साल बाद मिला इन्साफ
रामपुर। पायल हत्याकांड में मुकदमे के वादी एवं भाई राहिल खां कोर्ट के फैसले से संतुष्ट नजर आया। राहिल खां का कहना है कि बहन के गायब होने के बाद से लगातार इंसाफ की लड़ाई लड़ी। पहले पुलिस ने टालमटोल किया,लेकिन जब अपहरण और हत्या की बात सामने आई तो पुलिस ने गंभीरता से मामले की जांच की। पुलिस ने मजबूत तफ्तीश की और कोर्ट ने आज उन्हें इंसाफ दिया। कोर्ट के इस फैसले से पूरा परिवार खुश है। संवाद